मुंबई, तानाजी शिंदे अपनी बेटी नीलम को देखने के लिए अमेरिका के कैलिफोर्निया के उस अस्पताल में पहुंचे जहां उसका एक दुर्घटना के बाद उपचार किया जा रहा है। यह जानकारी नीलम के परिवार ने सोमवार को दी।
नीलम के मामा संजय कदम ने बताया, ‘‘नीलम के पिता 2 मार्च को मुंबई से अमेरिका गए और वहां उतरने के तुरंत बाद कैलिफोर्निया में सैक्रामेंटो के पास यूसी डेविस मेडिकल सेंटर पहुंचे।’’
सतारा जिले में रहने वाले कदम ने कहा, ‘‘मेरा बेटा गौरव, जो पुणे में एक आईटी कंपनी में काम करता है, मुंबई से नीलम के पिता के साथ गया है।
कदम ने कहा, ‘‘वे अस्पताल पहुंचे जहां पिछले महीने हुई दुर्घटना के बाद से वह (नीलम) कोमा की हालत में है। अस्पताल के प्राधिकारी आगे के उपचार के बारे में निर्णय लेने के लिए कल सुबह एक बैठक करेंगे।
नीलम (35) चौदह फरवरी को टहल रही थी, तभी उसे एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी। नीलम के पैर, बाएं हाथ और खोपड़ी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ, साथ ही दिमाग में भी गंभीर चोट आई, जिससे वह कोमा में चली गई।
नीलम की उसके पिता से आखिरी बार मुलाकात सतारा में पिछले साल फरवरी में हुई थी, जब उसकी मां का निधन हो गया था।
नीलम ने कंप्यूटर विज्ञान में डिग्री सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से और सैन जोस स्टेट यूनिवर्सिटी से डेटा एनालिटिक्स में स्नातकोत्तर उपाधि हासिल की है।


