अयोध्या, लोकसभा चुनाव के लिए जनपद की पांच विधान सभाओं में नियुक्त मतदान कार्मिक प्रशिक्षण स्थल साकेत महाविद्यालय पर बने सुविधा केन्द्र पर पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेंगे।
इस हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से विधानसभावार सुविधा केन्द्र स्थापित कराये गये है।विधानसभावार बनाए गए यह सुविधा केंद्र दिनांक 13 मई से 18 मई 2024 तक संचालित होंगे।
प्रत्येक विधानसभा हेतु एक-एक टीम लगायी गयी है प्रत्येक टीम के साथ एक-एक अटेस्टेशन अधिकारी व एक-एक वीडियोग्राफर भी लगाये गये है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं का शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने हेतु घर-घर जाकर मतदान सुनिश्चित कराने हेतु जनपद में विधान सभावार 20 पोलिंग पार्टियां यथा-विधानसभा रूदौली हेतु 04 पोलिंग पार्टियां, विधानसभा मिल्कीपुर व बीकापुर हेतु 03-03 पोलिंग पार्टियां तथा विधानसभा अयोध्या व गोसाईगंज हेतु 05-05 पोलिंग पार्टियां बनायी गयी है।
प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ एक-एक माइक्रो आब्जर्वर व वीडियो ग्राफर के साथ ही अपेक्षित पुलिस बल भी लगाये गये है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 54 फैजाबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली 04 विधान सभाओं यथा-मिल्कीपुर, अयोध्या, बीकापुर व रूदौली में लगी टीमें दिनांक 11 व 12 मई 2024 को तथा 55-अम्बेडकरनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले जनपद की विधानसभा गोसाईगंज में लगी टीमें दिनांक 15 व 16 मई 2024 को घर-घर जाकर 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तथा दिव्यांग मतदाताओं का आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करायेंगे।


