लखनऊ, उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की परीक्षा का पेपर (प्रश्नपत्र) लीक करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
परीक्षा 11 फरवरी को राज्य भर में आयोजित की गई थी। बड़े पैमाने पर प्रश्न पत्र लीक होने की रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार ने दो मार्च को यह परीक्षा रद्द कर दी थी।
एसटीएफ ने बयान में कहा, ‘पेपर लीक के मामले में बृहस्पतिवार को अरुण कुमार सिंह और सौरभ शुक्ला को गिरफ्तार किया गया, जो प्रतापगढ़ के मूल निवासी हैं। बयान के अनुसार पहले दोनों को एसटीएफ मुख्यालय बुलाया गया जहां पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ के मुताबिक दोनों को परीक्षा से एक दिन पहले अपने फोन पर एक दूसरे ‘मास्टरमाइंड’ से पेपर की प्रति मिली थी। इसके बाद दोनों ने पेपर दूसरों को भेज दिया था और इसके लिए पैसे लिये थे।
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। बयान के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के नाम पेपर लीक के संबंध में कौशांबी जिले में दर्ज प्राथमिकी में जोड़े जाएंगे।


