गोरखपुर, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनकी चुनौती को स्वीकार करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह सीधे मुकाबले के लिए तैयार हैं, लेकिन चुनौती देने वालों में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं है।
गोरखपुर के कैपियरगंज क्षेत्र में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन और 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को योगी संबोधित कर रहे थे ।
योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा भी लगा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख का नाम लिये बिना कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी गयी है और अगर चुनौती देने वाला खुद वहां से नामांकन दाखिल करता है तो वह भी वहां से चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘आपने कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए। मैंने कहा, आगे बढ़िए और अपना नामांकन दाखिल कीजिए, मैं भी अपना दाखिल कर दूंगा। आइए, एक बार सीधे एक-दूसरे के सामने हों। आप बेवजह परेशान क्यों हो रहे हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, उन पर लाठियां बरसाईं और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया, वे अब भगवान राम को याद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भक्त अच्छे समय में राम को याद करते हैं, लेकिन जब कोई भक्त हर समय-सोते, जागते, बैठते या खड़े होते-राम को याद करता है, तो भगवान राम उसकी रक्षा करते हैं।
उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिये बगैर कहा कि हैदराबाद से आए मौलाना यहां मचल रहे हैं।
उन्होंने यह टिप्पणी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन के संदर्भ में की।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू होगी। यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम चलेंगे।
उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है और जल्द विशेष पैकेज भी मिलेगा। उन्होंने एक दिन में 35 करोड़ और साढ़े नौ साल में 280 करोड़ पौधे लगाए जाने की जानकारी भी दी।