पटना, बिहार पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के ठिकानों से 22 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में पूछताछ के लिए 37 अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस और बैंकों के समन्वय से बुधवार को पटना, कोलकाता, रांची, दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में एक साथ छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया शामिल हैं।
दोनों को रांची से गिरफ्तार किया गया। वहीं, पटना से मंदीप सिंह, कौशल कुमार, चंगू और मोनू कुमार उर्फ मंगू को पकड़ा गया है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी के साम्राज्य पर बिहार STF की बड़ी स्ट्राइक !
पाँच राज्यों में एक साथ कार्रवाई। पटना, कोलकाता, दिल्ली, गाजियाबाद, प्रयागराज और रांची — सोलह ठिकानों पर छापेमारी। सरगना सहित छह अभियुक्त गिरफ्तार… और सैंतीस संदिग्ध हिरासत में। (1/2)
.
.#BiharPolice #Bihar pic.twitter.com/RZ5SJjQlnr— Bihar Police (@bihar_police) November 18, 2026
जांच के दौरान एसटीएफ ने गिरोह के लेनदेन में इस्तेमाल किए जा रहे 44 ‘म्यूल’ बैंक खातों की पहचान की है। अधिकारियों के मुताबिक, इन खातों में कुल 88.52 करोड़ रुपये जमा किए गए, जबकि 87.62 करोड़ रुपये निकाले गए। जांच एजेंसियों का मानना है कि जमा हुई रकम का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा आगे दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल मुख्य रूप से लेनदेन का जाल तैयार करने और धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किए जाने का संदेह है। इस तरह के खातों को आमतौर पर म्यूल खाते कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध और अवैध वित्तीय लेनदेन में किया जाता है।
अभियान के तहत पटना में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक, प्रयागराज में दो और रांची में एक ठिकाने पर छापेमारी की गई। अधिकारियों के अनुसार, बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान जारी है।
यह कार्रवाई 17 नवंबर को पटना साइबर थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, दूरसंचार अधिनियम और ऑनलाइन गेमिंग के प्रचार एवं विनियमन अधिनियम, 2025 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।