गाजियाबाद के इंद्रपुरी में फेसबुक के जरिये दोस्त बने एक युवक के हाथों 30 वर्षीय विवाहिता की उसके घर में कथित तौर पर हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। यह घटना लोनी बॉर्डर पुलिस थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात इंद्रपुरी इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई है जो बुलंदशहर की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि पांच महीने पहले फेसबुक के जरिए आरोपी पिंटू से पिंकी की दोस्ती हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पिंकी लोनी बॉर्डर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले इंद्रपुरी में अपने परिवार के साथ रहती थी। पुलिस ने बताया कि फेसबुक पर पिंटू से दोस्ती होने के बाद, वह फोन पर उसके लगातार संपर्क में थी।
अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त अमरदीप मौर्य के मुताबिक, सोमवार शाम को पिंकी से मिलने पिंटू उसके घर पहुंचा था। मौर्य ने कहा कि इसके बाद क्या हुआ, यह पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।
पुलिस ने बताया कि बहस इतनी बढ़ गई कि पिंटू ने पिंकी के सिर पर ईंट से वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि पिंकी फर्श पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त मौर्य ने आरोपी से शुरुआती पूछताछ के बाद कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
शुरुआती पूछताछ के दौरान, पिंटू ने पुलिस को बताया कि उसका पिंकी को मारने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन बहस के दौरान गुस्से में आकर उसने ईंट से उस पर हमला कर दिया। मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।