उन्नाव जिले में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की ‘शटरिंग’ खोलते समय ‘स्लैब’ और सीढ़ियां गिरने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
सूत्रों के मुताबिक यह हादसा गंगाघाट क्षेत्र की घोंघी रौतापुर ग्राम पंचायत में दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ।
उपजिलाधिकारी (सदर) राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि कानपुर के मंगला विहार निवासी किशन गुप्ता के निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की ‘शटरिंग’ खोली जा रही थी कि इसी दौरान ‘स्लैब’ और सीढ़ियां अचानक गिर गईं जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में मजदूरों– जयप्रकाश कोरी (35) और सोहन (32) की मौत हो गई तथा सोहन के पिता रामकृपाल घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाने का काम शुरू कराया।
उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये हैं।
थाना गंगाघाट पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर एक मामूली रूप सेै घायल व मलबे मे दबे दोनो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों द्वारा दोनों गंभीर घायलों को मृत घोषित कर दिया गया, मृतकों के शवों को कब्जे मे लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
— UNNAO POLICE (@unnaopolice) October 28, 2026