शाहजहांपुर जिले में एक मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की एक व्यक्ति ने कथित रूप से किसी भारी वस्तु से हमला करके हत्या कर दी और बाद में उन पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने उक्त जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना खुदागंज अंतर्गत सूथा गांव में एक धार्मिक स्थल है जहां पर देखरेख के लिए साधु बिहारी दास (60) तथा गोपाल दास (70) काफी समय से रहते हैं। मंदिर के पास एक जमीन है जो साधु गोपाल दास के नाम पर है।
उन्होंने बताया कि गांव का ही रहने वाला आरोपी सुमित सिंह अगस्त माह में जेल से छूटकर आया और मंदिर में ही साधुओं के पास बैठने लगा। वह मंदिर पर स्वयं रहना चाहता था और इसी उद्देश्य से सुमित ने आज सुबह कथित रूप से साधुओं की हत्या कर दी और बाद में ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें जला दिया। दीक्षित ने बताया कि पुलिस को एक ग्रामीण ने सूचना दी जिसके बाद पुलिस पहुंची और साधुओं के शव कब्जे में लिए।
पुलिस ने मामले में आरोपी सुमित सिंह को हिरासत में ले लिया है जिसने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उसने पहले वजनदार वस्तु से प्रहार करके दोनों साधुओं की हत्या की और बाद में शवों को जला दिया। वह इस मंदिर को अपने संरक्षण में लेना चाहता था।
पुलिस ने आरोपी सुमित सिंह के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर दोनों साधुओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
— SHAHJAHANPUR POLICE (@shahjahanpurpol) October 1, 2026