अयोध्या)। जिले के रुदौली क्षेत्र में अतिवृष्टि और तूफान के बीच तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली दो घटनाओं में पेड़ गिरने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीसरी घटना में गोमती नदी में डूबने से एक युवक की मौत की सूचना सामने आई है।
गोमती नदी से जुड़ी घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पहली घटना मवई गांव की बताई गई है। यहां अतिवृष्टि और तूफान के दौरान पेड़ गिरने की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय धर्मराज पुत्र मालिक राम की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद तहसील से नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरी घटना कोतवाली रुदौली क्षेत्र के बिचाला गांव की है। यहां करीब 76 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र जग्गू राम के ऊपर तेज बारिश और तूफान के दौरान पेड़ गिर गया। हादसे में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
तीसरी घटना थाना बाबा बाजार क्षेत्र की है, जहां उमापुर ग्राम पंचायत के मीरमऊ घाट निवासी शिव कैलाश निषाद के गोमती नदी में डूबने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा एनडीआरएफ टीम बुलाकर राहत एवं बचाव अभियान तेज कराने के निर्देश दिए।
मौके पर उपजिलाधिकारी विनोद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर, बाबा बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र आजाद समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव कार्य को लेकर आवश्यक कदम उठाए। गोमती नदी के घाटों पर पहले भी सुरक्षा और गोताखोरों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय रहा है।