अयोध्या, पटरंगा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक मिठाई लेकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। शाहवाज चक और सिठौली के बीच वह बाइक समेत सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पटरंगा थाना क्षेत्र के पुराय गांव निवासी मोहम्मद आमिर पुत्र एहतेशामुल हक गुरुवार को अपनी अपाचे बाइक संख्या UP42 BE 0191 से सीवन बाजिदपुर मिठाई लेने गया था। मिठाई लेकर वापस घर लौटते समय शाहवाज चक और सिठौली के बीच वह सड़क पर घायल अवस्था में मिला। राहगीरों ने सड़क पर युवक को पड़ा देखकर तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मदनपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी मवई पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया बाइक की चेन उतरने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।