अयोध्या, श्री गणेश उत्सव के अंतिम चरण में शुक्रवार को अयोध्या में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक गुरुवार को सुभाष नगर स्थित शुभम हाट में हुई। बैठक में विसर्जन मार्ग, घाट और विभिन्न स्थानों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने पदाधिकारियों से अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर विसर्जन व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। बैठक का संचालन संयोजक गगन जायसवाल ने किया। उन्होंने पदाधिकारियों के पूर्व निर्धारित ड्यूटी चार्ट की जानकारी देते हुए शुक्रवार को होने वाले विसर्जन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर ने बताया कि गणेश प्रतिमाएं शुक्रवार को दोपहर एक बजे जमुनिया बाग में एकत्रित होंगी। इसके बाद जमुनिया बाग तिराहे से श्री गणेश शोभायात्रा शुरू होगी। शोभायात्रा चौक और रिकाबगंज चौराहा होते हुए गुप्तारघाट पहुंचेगी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
विसर्जन मार्ग की व्यवस्था के लिए जमुनिया बाग स्थित कैंप में जेएन चतुर्वेदी के साथ केशव बिगुलर, गगन जायसवाल, शिवजी गौड़ और तारकेश्वर शर्मा मौजूद रहेंगे। चौक क्षेत्र में समिति अध्यक्ष मनोज जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्था संभालेंगे। वहीं रिकाबगंज चौराहे पर भी समिति के पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
गुप्तारघाट पर पवन कुमार निषाद, विवेक साहू, अंकुश गुप्ता, रविकांत आर्य, अजय विश्वकर्मा, अवधेश अग्रहरि, मुरलीधर बत्रा, राधेश्याम यादव, संजय श्रीवास्तव, रंजीत विश्वकर्मा, डॉ. अखिलेश वैश्य, मुन्ना यादव और नागेंद्र पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। समिति के अनुसार मार्ग में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने वाले अन्य पदाधिकारी भी बाद में विसर्जन घाट पर पहुंचकर व्यवस्था में सहयोग करेंगे।