लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम मंगलवार को जारी कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विधान परिषद में खंड स्नातक श्रेणी की पांच और खंड शिक्षक श्रेणी की छह निर्वाचन सीट के द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया।
कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर होगी जबकि नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। रिणवा ने बताया कि मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान परिषद के खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक की छह सीट से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
छह दिसंबर को जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अवनीश कुमार सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार गोयल, उमेश द्विवेदी, श्रीचंद शर्मा और हरि सिंह ढिल्लों शामिल हैं।
वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा और डॉ. मानसिंह यादव का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
निर्दलीय के आकाश अग्रवाल और शिक्षक श्रेणी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी शामिल हैं। रिणवा ने बताया कि इस चुनाव के मद्देनजर कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर उत्तर प्रदेश के अन्य सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता 6 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी।