अयोध्या, भेलसर चौराहा स्थित चर्चित रामनरेश मिष्ठान भंडार में परोसी गई रसमलाई में कथित तौर पर बिलबिलाते कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मामले से जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ।
PublicNews360 पर खबर प्रकाशित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिठाई तैयार करने वाले स्थान का निरीक्षण किया गया, जहां गंदगी मिलने की बात सामने आई। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई।
मामला सोमवार रात का बताया जा रहा है। सीवन-वाजिदपुर निवासी फैसल के मुताबिक, वह चार अन्य साथियों के साथ रामनरेश मिष्ठान भंडार में रसमलाई खाने पहुंचे थे। सेवन के दौरान रसमलाई में कथित तौर पर कीड़े दिखाई दिए। फैसल ने इसकी शिकायत प्रतिष्ठान के संचालक दिनेश कुमार साहू से की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रसमलाई में दिखाई दे रहे कीड़ों का वीडियो बना लिया, जिसे मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने और मामला सार्वजनिक होने के बाद उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम रामनरेश मिष्ठान भंडार पहुंची। सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमित चौधरी और अजय मौर्या समेत अधिकारियों ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कुछ मिठाइयों को कर्मचारियों द्वारा हटाए या फेंके जाने की बात भी सामने आई।
सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय के अनुसार रबड़ी, छेना, लड्डू और रसमलाई के चार-चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और कथित खराबी की स्थिति स्पष्ट होगी।