अयोध्या, भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में रामलीला आयोजनों को और भव्य एवं प्रभावी बनाने के लिए केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने अयोध्या विधायक रामचंद्र यादव के साथ मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
मनोज जायसवाल ने मुख्यमंत्री को अयोध्या में आयोजित होने वाली रामलीलाओं के बारे में जानकारी देते हुए प्रत्येक रामलीला समिति को आर्थिक संरक्षण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग मिलने से रामलीला समितियां अपने आयोजनों को और बेहतर तरीके से आयोजित कर सकेंगी और भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को प्रभावी ढंग से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा सकेगा।
समिति ने अयोध्या जनपद के सभी रामलीला स्थलों के सौंदर्यीकरण और मंचन स्थलों से जुड़ी अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान की भी मांग की। समिति का कहना है कि रामलीला अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुविधाओं के विकास से आयोजनों की भव्यता बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा केंद्रीय समिति की ओर से अयोध्या जनपद में मूर्ति विसर्जन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सभी प्रमुख स्थलों पर पक्के घाटों का निर्माण कराने और उन्हें पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री से किया गया।
समिति के अनुसार अयोध्या में दुर्गापूजा, गणेश पूजा समेत विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान अलग-अलग घाटों पर मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। कई बार विसर्जन के दौरान पर्याप्त जल, स्वच्छ पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
समिति ने कहा कि स्थायी और व्यवस्थित विसर्जन स्थलों के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। साथ ही इन स्थलों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन की दृष्टि से विकास होने पर अयोध्या के धार्मिक पर्यटन को भी नया आयाम मिल सकता है। समिति ने मुख्यमंत्री से दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।