अयोध्या, फैजाबाद के पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की धर्मपत्नी श्रीमती बीना खत्री (74) का सोमवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं और लखनऊ में अपने बेटे के साथ रहकर उपचार करा रही थीं। परिजनों के अनुसार, उनका इलाज लखनऊ के मैक्स अस्पताल में चल रहा था।
बीना खत्री के निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में शोक सभा आयोजित की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने शोक सभा की अध्यक्षता की, जबकि जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने संचालन किया।
शोक सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बीना खत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि बीना खत्री काफी समय से कैंसर से पीड़ित थीं और उनका उपचार चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, बीना खत्री का पार्थिव शरीर सोमवार शाम करीब छह बजे लखनऊ से अयोध्या स्थित डॉ. निर्मल खत्री के बजाजा आवास पर लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार 15 सितंबर को सुबह 10:30 बजे बजाजा स्थित आवास से जमथरा घाट के लिए शव यात्रा के प्रस्थान के बाद किया जाएगा।
बताया गया कि बीना खत्री वरिष्ठ पत्रकार हरिकृष्ण अरोड़ा की बहन थीं। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए डॉ. निर्मल खत्री एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
शोक सभा में महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, महेश वर्मा, कबिंद्र साहनी, सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी, दानिश जिया, मंसाराम यादव, राम अवध पासी, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक राय, सुरेंद्र सिंह सैनिक, राजकुमार पांडेय सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कांग्रेसजनों ने ईश्वर से दिवंगत बीना खत्री की आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।