मुरादाबाद, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच थाना मुगलपुरा क्षेत्र में हमसफर बैंक्वेट हॉल के पास एक तीन मंजिला जर्जर इमारत अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई। हादसा शनिवार तड़के करीब चार बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक बारिश के कारण इलाके में जमीन धंसने के बाद तीन मंजिला इमारत में दरारें बढ़ गई थीं और इमारत एक तरफ झुक गई थी। शुक्रवार को ही इसकी स्थिति को लेकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रास्ता बंद करा दिया था।
बताया जा रहा है कि यह इमारत पीतल कारोबारी सरफराज की थी। शनिवार तड़के करीब चार बजे इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर नीचे आ गिरी। इमारत के गिरने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय जानकारी के अनुसार नगर निगम ने एक दिन पहले ही इमारत को खतरनाक घोषित करते हुए भवन स्वामी को आवश्यक कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम दिया था। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन भी रोक दिया गया था।
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक समय रहते खतरे को देखते हुए लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूर कर दिया गया था। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह भी मूसलाधार बारिश के बाद शहर में जलभराव और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे थे।
इमारत गिरने के बाद नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
मुरादाबाद में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और जमीन धंसने की स्थिति सामने आ रही है। प्रशासन और नगर निगम की ओर से लोगों से जर्जर और असुरक्षित भवनों से दूर रहने तथा खतरे वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की जा रही है।
मुरादाबाद। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को मुगलपुरा इलाके में बड़ा हादसा हो गया। जामा मस्जिद के पास स्थित एक 4 मंजिला जर्जर इमारत महज 4 सेकेंड में भरभराकर ढह गई। इमारत के गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बिजली के पोल भी टूट गए, जिससे बिजली की लाइनों से तेज… pic.twitter.com/ltxLdQXfqF
— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) September 5, 2026