संभल, प्रदेश में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद संभल से बिजनौर स्थानांतरित किए गए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई का एक बेहद भावुक वीडियो सामने आया है। अपने विदाई समारोह में मातहत अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस कप्तान खुद पर काबू नहीं रख सके और उनके आंसू छलक पड़े।
सरकार द्वारा जारी 9 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में कृष्ण कुमार बिश्नोई का नाम भी शामिल था। उन्हें संभल से बिजनौर जिले के पुलिस अधीक्षक पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को संभल में आयोजित विदाई कार्यक्रम के दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अपने कार्यकाल की यादें साझा कीं।
अपने संबोधन में आईपीएस अधिकारी ने कहा कि लंबे समय तक एक साथ काम करने की वजह से जिले के पुलिसकर्मियों और आम जनता से एक गहरा जुड़ाव बन गया था, जिसे छोड़ पाना बेहद मुश्किल होता है। सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते-करते वे काफी भावुक हो गए और रो पड़े। मौके पर मौजूद मातहत अधिकारी भी इस भावुक पल को देखकर स्तब्ध रह गए।
गौरतलब है कि इसी फेरबदल के तहत मेरठ कांड के बाद चर्चा में आए आईपीएस अविनाश पांडेय को डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर, चारु निगम को यूपी-112 लखनऊ और बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक @Krishan_IPS के अन्य जनपद में स्थानांतरण होने के अवसर पर पुलिस लाइन बहजोई में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में @DmSambhal श्री अंकित खंडेलवाल व जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी गण व समस्त थाना प्रभारी/ शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। pic.twitter.com/i0LT1FxzGE
— SAMBHAL POLICE (@sambhalpolice) August 22, 2026










