बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह 31 बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 13 बच्चे घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायल बच्चों को तत्काल श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया जहां छह बच्चों की हालत गंभीर है और उनका उपचार किया जा रहा है, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चन्द्र मिश्र ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6:30 बजे जटऊ पट्टी गांव के पास हुआ। न्यू इंग्लैंड स्कूल की बस बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने छह बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया, जबकि सात बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों में अपने बच्चों की स्थिति जानने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई परिजनों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन लंबे समय से बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी कर रहा है। उनका दावा है कि बस की हालत खराब थी और कथित तौर पर चालक की उम्र को लेकर भी पहले शिकायतें की गई थीं।
मिश्र ने बताया कि हादसे के बाद कथित नाबालिग चालक को लेकर भी सवाल उठे हैं। हालांकि, चालक की उम्र और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होने के पीछे तेज रफ्तार, वाहन की तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही अथवा कोई अन्य कारण था।










