अयोध्या, रुदौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुजफ्फरपुर में गुरुवार को जल जीवन मिशन के जागरूकता कार्यक्रम और प्रदर्शनी के आयोजन से ठीक पहले एक भीषण हादसा हो गया।
बारिश के दौरान गूलर का एक विशालकाय पेड़ 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर गिर पड़ा। पेड़ के गिरते ही कई विद्युत पोल भरभराकर नीचे आ गिरे, जिनकी चपेट में आने से जल जीवन मिशन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर व सेवानिवृत्त एडीएम इंदु भूषण वर्मा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुजफ्फरपुर में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को ‘जल सारथी ऐप’ के लाभ, उपयोग और इसे डाउनलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान प्रस्तावित था। कार्यक्रम स्थल पर डीपीएमयू लखनऊ की टीम, जेई अजय कुमार तथा यूनिवर्सल एमईपी प्रोजेक्ट टाटा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
इसी दौरान अचानक बारिश के बीच गूलर का पेड़ बिजली के खंभों पर गिर गया। खंभों के नीचे दबने से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंदु भूषण वर्मा (60 वर्ष), निवासी बसवारा (पूरा बाजार, अयोध्या) और गाड़ी चालक दिलेराम यादव (28 वर्ष), निवासी बाबतनगर (थाना बाबाबाजार, अयोध्या) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इंदु भूषण वर्मा को लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक दिलेराम यादव का इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि इंदु भूषण वर्मा प्रशासनिक सेवा में एडीएम के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद सरकार द्वारा उन्हें जल जीवन मिशन का डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर बनाया गया था। यूनिवर्सल एमईपी प्रोजेक्ट टाटा के ओडीएम इंचार्ज गौतम हंस ने बताया कि इस दुखद हादसे के कारण जल जीवन मिशन का जागरूकता कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।










