अयोध्या, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने लूट और चोरी के दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अशोक कुमार तथा उनकी पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के करीब 4:55 बजे यह कार्रवाई की।

पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर जीआईसी तिराहा से जेल के पीछे मर्चरी हाउस होते हुए रेलवे स्टेशन मालगोदाम के पास घेराबंदी कर तीनों शातिर आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- शिवम गौड़ उर्फ अमिष्ट गौड़ (उम्र 20 वर्ष) – निवासी खानपुर मसौधा, थाना पूराकलंदर, अयोध्या।
- हिमांशू गौड़ (उम्र 35 वर्ष) – निवासी गायत्री नगर कॉलोनी, सहादतगंज, थाना कैंट, अयोध्या।
- अनुराग यादव उर्फ गोलू (उम्र 21 वर्ष) – निवासी खोजनपुर अमौना रानीबाजार, थाना पूराकलंदर, अयोध्या।
पकड़े गए तीनों अभियुक्त कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमा संख्या 257/2026 (धारा 331(4), 305(ए), 317(2) बीएनएस) और मुकदमा संख्या 466/2026 (धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस) के तहत वांछित चल रहे थे।
कोतवाली नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










