अयोध्या, जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना इनायतनगर पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें और 2 खुली हुई चेचिस बरामद की हैं।
पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी राम अवध पाल और आरक्षी युवराज सिंह ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के पूरे पाठक का पुरवा भागीपुर ब्रह्म बाबा स्थान के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अनीस कुमार उर्फ राजू (निवासी सोनवर्षा, बल्दीराय, सुल्तानपुर), गंगा राम यादव (निवासी लोधे का पुरवा, कुमारगंज, अयोध्या), अजय पाण्डेय (निवासी धमसुवा, कुमारगंज, अयोध्या) और विजेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ अतुल (निवासी पूरे नरेश पाण्डेय का पुरवा, बल्दीराय, सुल्तानपुर) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से अजय पाण्डेय और गंगा राम यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसी संगीन धाराओं में अयोध्या और सुल्तानपुर के विभिन्न थानों में 15-15 मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अलावा विजेंद्र कुमार पाण्डेय के खिलाफ सुल्तानपुर में 7 और अनीस कुमार के खिलाफ इनायतनगर में 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से यूपी, पंजाब व अन्य नंबरों की स्पलेंडर, एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो, सुपर स्पलेंडर और मैस्ट्रो स्कूटी बरामद की हैं। इनायतनगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 300/2026 धारा 303(2) BNS के तहत सफलता हासिल करते हुए सभी अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।










