भदोही जिले में एक आयुर्वेद अस्पताल एवं पंचकर्म केंद्र में एक नर्स से दुष्कर्म के मामले में चिकित्सालय के संचालक, उसके बेटे तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र स्थित धन्वन्तरि आयुर्वेदिक अस्पताल एवं पंचकर्म केंद्र के संचालक हरि शंकर त्रिपाठी, उसके बेटे अभिषेक त्रिपाठी तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (शादी के झूठे वादे या धोखे से शारीरिक संबंध बनाना), 238 (अपराध के साक्ष्य मिटाना या अपराध को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना), 239 (अपराध की जानकारी जानबूझकर छुपाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल संचालक हरि शंकर त्रिपाठी के बेटे अभिषेक पर अपने चिकित्सालय में काम करने वाली एक नर्स को शादी का झांसा देकर पिछले नौ माह के दौरान उससे 20 बार बलात्कार करने का आरोप है।
त्यागी ने बताया कि 25 वर्षीय नर्स का आरोप है कि जब उसने आरोपी के पिता और अस्पताल संचालक त्रिपाठी से शिकायत की तो उसने उसे चुप रहने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि गत 30 जुलाई की देर शाम अभिषेक कुछ अज्ञात लोगों के साथ अस्पताल पहुंचा और नर्स से कहा कि वह अस्पताल से चली जाए नहीं तो वह उसे तथा उसकी आठ साल की बेटी को जान से मार देगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के रोहतक जिले की रहने वाली नर्स की मेडिकल जांच कराई गई है तथा अदालत में उसका बयान दर्ज कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल संचालक हरि शंकर त्रिपाठी और उसका बेटा अस्पताल बंद करके फरार हो गये हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।










