वॉशिंगटन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो लंबे सफेद बालों वाले रहस्यमयी व्यक्तियों के साथ बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि ट्रंप की मुलाकात किसी ‘अज्ञात प्रजाति’ या ‘एलियन’ से हुई है।
वीडियो को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता और साजिश संबंधी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि आखिर ये लोग कौन हैं और व्हाइट हाउस परिसर में उनकी मौजूदगी कैसे हुई। पोस्ट पर हजारों टिप्पणियां और शेयर किए जा रहे हैं।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी और विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वायरल तस्वीरें और वीडियो वास्तविक नहीं हैं। इन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार किया गया बताया जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि AI तकनीक अब इतनी उन्नत हो चुकी है कि वह वास्तविक दिखने वाले लेकिन पूरी तरह फर्जी फोटो और वीडियो तैयार कर सकती है।
दरअसल, हाल के महीनों में UFO और एलियन से जुड़े अमेरिकी सरकारी दस्तावेजों को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई गईं। इसी माहौल में ट्रंप और कथित ‘एलियन’ की यह AI-निर्मित सामग्री तेजी से वायरल हो गई और कई लोगों ने इसे सच मान लिया।










