अयोध्या, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की रुदौली शाखा एक बार फिर चर्चाओं में है।उपभोक्ताओं ने शाखा के कुछ कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कार्यालय में आम लोगों को समय पर सही जानकारी और सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कृष्णमगन पाण्डेय, इमरान,सुनील कुमार, अजय व रोहित आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि पूछताछ काउंटर पर तैनात कर्मचारी आकाश वारीवाल अक्सर अपनी सीट पर मौजूद नहीं रहते, जिससे बीमा धारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं एक अन्य कर्मचारी कुमार वैभव पर भी काम में रुचि न लेने का आरोप लगाया गया है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई कर्मचारी बाहर जनपदों से आकर ड्यूटी करते हैं और कार्यालय पहुंचने में देरी होने के कारण आम जनता का काम प्रभावित होता है। लोगों ने आरोप लगाया कि जब भी कोई उपभोक्ता अपने बीमा संबंधी कार्य के लिए शाखा पहुंचता है तो उसे “बाद में आना” कहकर वापस कर दिया जाता है।
शाखा में आए लोगों ने यह भी कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार कर्मचारियों को निर्धारित दूरी के भीतर निवास करना चाहिए, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। इससे कार्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं ने एलआईसी के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर शाखा की व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सेवाएं मिल सकें।
इस सम्बन्ध में शाखा प्रबंधक अनूप कुमार पाण्डेय से बात करने पर उन्होंने बताया कि शिकायत मिली जांच की जा रही है जांचोपरांत कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट-अब्दुल जब्बार

