मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में तेज रफ्तार से जा रहे एक डंपर के, पुलिस वाहन को टक्कर मार देने से एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक दरोगा समेत तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि घोसी थाना क्षेत्र के हाजीपुर मार्ग पर 29 और 30 अप्रैल की दरमियानी रात करीब तीन बजे दरोगा विनोद सिंह, सिपाही प्रीतम यादव, ओमप्रकाश और पवन यादव गश्त ड्यूटी पर थे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में पुलिस वाहन चालक सिपाही पवन यादव की मौत हो गई, जबकि दरोगा विनोद सिंह, सिपाही प्रीतम यादव और ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।




