महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक है।
एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनेश चंद्र बिस्वास ने बताया कि एक सूचना के आधार पर टीम ने बिहार के गोपालपुर थानाक्षेत्र के रणजीत गिरी (37) को गिरफ्तार किया तथा उसके ट्रक से गांजे के 21 बंडल बरामद किये।
उन्होंने बताया कि आरोपी नेपाल से गांजा ट्रक से इलाके में आपूर्ति के लिए ला रहा था।
बिस्वास ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद रणजीत गिरी को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया गया तथा उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
सहायक कमांडेंट ने कहा कि रणजीत गिरी जिस गिरोह का हिस्सा है, उसका एक अन्य सदस्य फरार होने में कामयाब हो गया जिसकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।




