अयोध्या में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला। अयोध्या विकास प्राधिकरण की टीम ने 23 अप्रैल 2026 को प्राधिकरण सीमा क्षेत्र के अंतर्गत करीब 450 बिस्वा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई विभिन्न ग्राम/मौजा में की गई। शिवदासपुर में लगभग 200 बिस्वा, बिरौली में 200 बिस्वा और गंजा रोड स्थित CPEC कॉलेज के पीछे करीब 50 बिस्वा भूमि पर बिना स्वीकृति प्लॉट काटे जा रहे थे। इन स्थानों पर बनाई गई बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण को जेसीबी मशीन से गिरा दिया गया।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि बिना लेआउट स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित भूमि के वैध दस्तावेज और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच जरूर करें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध प्लाटिंग करने वालों में प्रशासनिक सख्ती को लेकर डर का माहौल देखा जा रहा है।



