बाराबंकी, अयोध्या हाईवे (NH-27) पर असेनी मोड़ के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मथुरा से नेपाल जा रहा 18 टन एलपीजी गैस से भरा टैंकर अचानक लीक होने लगा।
बताया जा रहा है कि खराब सड़क के कारण टैंकर को जोरदार झटका लगा, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टैंकर चालक ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने लीक हो रहे टैंकर को भीड़भाड़ वाले इलाके से तुरंत हटाकर सुनसान स्थान पर खड़ा कर दिया और वाल्व को ठीक करने का प्रयास किया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक टैंकर से गैस का रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो सका था।
एहतियात के तौर पर अयोध्या हाईवे पर यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, जिसे रात करीब 12 बजे के बाद बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन का कहना है कि हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएंगे।










