अयोध्या, वैलेंटाइन डे के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। अयोध्या पुलिस ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया।

यह अभियान सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित किया गया। वहीं नगर कोतवाल अश्वनी पांडे ने महिला पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख पार्कों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया।

पुलिस टीम कंपनी गार्डन और गुलाबबाड़ी पहुंची, जहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद दिखीं। महिला पुलिसकर्मियों ने युवतियों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वहीं युवकों से नाम-पता तथा पार्क में आने का उद्देश्य पूछा गया। पुलिस ने मौजूद जोड़ों से शालीनता के साथ पूछताछ करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य वैलेंटाइन डे के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ या किसी भी अप्रिय घटना को रोकना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना था। पुलिस टीम पूरे समय सतर्क रही और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर मर्यादा और नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

