अयोध्या, रामनगरी में एक और दुखद खबर सामने आई है। 85 वर्षीय वासुदेव प्रसाद गुप्ता, जो जनपद न्यायाधीश के कार्यालय से सेवानिवृत्त थे और युवावस्था से रंगमंच से गहराई से जुड़े रहे, का आज सुबह तड़के 7:00 बजे अपने निवास स्थान मोहल्ला हैदरगंज में आकस्मिक निधन हो गया।
उनके बड़े भतीजे, वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता केशव बिगुलर ने जानकारी देते हुए बताया कि वासुदेव प्रसाद गुप्ता का अंतिम संस्कार जमथरा घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाजसेवी, बुद्धिजीवी, जन प्रतिनिधि, रंगकर्मी और साहित्यकार उपस्थित रहे।
उनके ज्येष्ठ पुत्र आनंद गुप्ता (पूर्व बीजेपी नगर उपाध्यक्ष) ने मुखाग्नि दी। वासुदेव प्रसाद गुप्ता के परिवार में राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता की मजबूत परंपरा रही है। उनके ज्येष्ठ पुत्र आनंद गुप्ता बीजेपी के नगर उपाध्यक्ष रह चुके हैं, वहीं बड़ी बहू सुधारानी गुप्ता हैदरगंज वार्ड की पूर्व पार्षद रह चुकी हैं।
वासुदेव जी स्वयं रंगमंच से जुड़े होने के कारण उनकी शव यात्रा में तमाम कलाकार और साहित्यिक हस्तियां शामिल हुईं।
वे अपने पीछे एक बड़ा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें दो पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं।परिवार, समाज और रंगमंच जगत में शोक की लहर है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। ओम शांति।










