भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि इस नियुक्ति को पार्टी के संसदीय बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। वर्तमान में नितिन नबीन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में सड़क निर्माण विभाग के मंत्री हैं।

यह संगठनात्मक फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब पार्टी अपने शीर्ष नेतृत्व ढांचे में बदलाव कर रही है। मौजूदा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी 2020 में नियुक्त हुए थे और उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों सहित कई महत्वपूर्ण मौकों पर पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल में एक्सटेंशन दिया गया था।
इस घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बिहार के नेताओं समेत पार्टी के कई शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नितिन नबीन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
पीएम ने लिखा, ‘नितिन नबीन जी ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। वह अपने विनम्र स्वभाव और जमीनी काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण हमारी पार्टी को मजबूत करेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नबीन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को BJP के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे।
नितिन नबीन की नियुक्ति पर बिहार के नेताओं में भी उत्साह देखा गया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी और शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश में और मजबूत होती रहेगी।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस दिन को बीजेपी के लिए बहुत ऐतिहासिक बताया कि बिहार के एक नेता को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

