अयोध्या, रौनाही थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहा एक ट्रक शुक्रवार देर रात लोहिया पुल के समीप अचानक पलट गया।
ट्रक के पलटने से न केवल अयोध्या से लखनऊ जाने वाला मार्ग बल्कि दोनों दिशाओं में भयंकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जाम नहीं खुल सका है।
बस, ट्रक, कार और एंबुलेंस सहित सभी वाहन फंसे हुए हैं। चारों तरफ हॉर्न की आवाजें और मरीजों को लेकर परेशान परिजनों का शोर गूंज रहा है। एनएचएआई की क्रेन मौके पर नहीं पहुंच सकी है।
पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को डायवर्ट करने की कोशिश की, लेकिन वह भी नाकाम रही। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंसें वाहनों के बीच फंसी होने के कारण सिर्फ सायरन बजाकर मजबूरी जाहिर कर रही हैं। कई गंभीर मरीजों की जान खतरे में बताई जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि “20 मिनट में जाम खोलने का दावा” करने वाले टोल प्लाजा के कर्मचारी घटना के तीन घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। उनकी गैरमौजूदगी में स्थानीय ग्रामीण और वाहन चालक बुरी तरह परेशान हैं।
लोग प्रशासन और टोल संचालक के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और जाम खोलने की कोशिश की जा रही है।




