नोएडा, गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषण को असली बताकर बेचने के आरोप में एक ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को यह दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने शनिवार शाम को हरियाणा के पानीपत निवासी पंकज कपूर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि वह इंदिरापुरम के साया अपार्टमेंट में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वह तीन साल से दर्जनों लोगों के साथ ठगी कर चुका था और पुलिस की उसकी तलाश में थी।
उन्होंने बताया कि आरोपी नकली आभूषणों पर शुद्धता की मोहर लगता था और उन्हें लोगों को धोखे से बेच देता था। अधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद में गैंगस्टर कानून के तहत दर्ज एक मामले में भी वह वांछित था।
उन्होंने बताया कि आरोपी के भाई की आभूषणों की दुकान है। सुनार परिवार का होने के कारण उसे सोने- चांदी की जानकारी थी।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके पास से नकली सोने के बने हुए 61 कड़े, 71 अंगूठियां, गले की 25 चेन 26 मंगलसूत्र, आठ ब्रेसलेट, 170 झुमके और अन्य सामान बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ कई थानों में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं।