गोंडा जिले की पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक की अनसुलझी हत्या का पर्दाफाश करते हुए 11वीं कक्षा के एक छात्र को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि चालक ने किशोर को कथित रूप से ‘‘कुकृत्य’’ के लिए मजबूर किया था, जिसके बाद किशोर ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त सुबह के समय गोंडा के नवाबगंज क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक संगम लाल (45) का शव झाड़ियों से बरामद किया गया था।
गोंडा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया, ‘‘इस हत्याकांड का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। उन्होंने बताया कि संगम लाल 26 अगस्त को पड़ोसी जिले अयोध्या में लापता हो गया था। उसके परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि संगम लाल की गला घोंटकर हत्या की गई थी। बटुए में आधार कार्ड समेत मृतक का निजी सामान नवाबगंज थाना क्षेत्र में झाड़ियों में मिला था, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
मामले की जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय और तरबगंज क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व नवाबगंज पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और अन्य इकाइयों को मिलाकर तीन विशेष टीमों का गठन किया। क्षेत्रीय इकाई, श्वान दस्ता और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अयोध्या रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का कई दिनों तक बारीकी से विश्लेषण किया गया। संदिग्ध तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए और सुरागों की दोबारा जांच की गई।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग एक महीने बाद 22 सितंबर को पुलिस टीम को एक छात्रावास में रह रहे झांसी के बबीना निवासी एक किशोर की पहचान करने और उसे पकड़ने में सफलता मिली।
जायसवाल ने कहा, ‘‘पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र 26 अगस्त को मंदिर दर्शन के लिए उत्सर्ग एक्सप्रेस से अकेले अयोध्या गया था और वहां वह संगम लाल के ई-रिक्शा में सवार हो गया। संगम लाल उसे घंटों एकांत जगह की तलाश में घूमाता रहा।
पुलिस के अनुसार जब रिक्शा चालक ने अयोध्या से सटे गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र की सीमा में किशोर पर कथित रूप से ‘‘कुकृत्य’’ का दबाव डाला तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
उसने कहा, ‘‘इस दौरान किशोर ने कथित रूप से गमछे से चालक का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने पीड़ित का बटुआ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।’
पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। अपराध स्थल के पास से बरामद बटुआ संदिग्ध तक पहुंचने में अहम कड़ी साबित हुआ।
जांचकर्ता यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि क्या साजिश रचने या उसे अंजाम देने में आरोपी को किसी ने सहयोग किया था या नहीं। पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोप में पकड़े गए किशोर को सुधार गृह भेज दिया गया है।


