पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में कुछ दुकानदारों और हिंदू महासभा की स्थानीय इकाई द्वारा दो लोगों पर ‘‘संदिग्ध व्यवहार’’ करने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
बीसलपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजीव कुमार शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। बरामद दस्तावेजों और सामान का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवकों ने अपना नाम अंजूनाथ और चेरानाथ बताया। जांच में एक के हाथ पर शाहिद नाम लिखा मिला। तलाशी में उनके पास से कई कार्ड और सामग्री बरामद हुई। दोनों से धर्मग्रंथों और देवी-देवताओं के बारे में पूछे गए सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बाजार के दुकानदारों ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हिंदू महासभा को दी। मौके पर पहुंचे हिंदू महासभा नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी सहित कई पदाधिकारियों ने आशंका व्यक्त की है कि दोनों युवक किसी अपराध की साजिश रच रहे थे।
प्रकरण में स्थानीय पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही अमल में लाई गयी है।
— Pilibhit Police (@pilibhitpolice) September 9, 2025


