मथुरा, जालसाजों ने मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) के नाम से फर्जी वाट्सएप अकाउंट के जरिए धोखाधड़ी शुरू कर दी। इस मामले में मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को मालूम पड़ा कि किसी व्यक्ति ने उनकी तस्वीर लगाकर वियतनाम के नंबर से व्हाट्सएप पर अकाउंट बना लिया। इस पर उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 एवं आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए अकाउंट का स्क्रीनशॉट साझा करने के साथ विज्ञप्ति के माध्यम से इसे प्रसारित भी कर दिया।
गौरतलब है कि तीन माह पहले भी उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को धोखा देने का एक प्रयास हो चुका है। तब भी उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई थी। इतना ही नहीं, इसी प्रकार का एक फर्जी अकाउंट जिले के एक अन्य आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्याम बहादुर सिंह के नाम से बनाकर लोगों से रकम ऐंठने की कोशिश की जा चुकी है।


