अयोध्या, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अयोध्या अनिमेष सक्सेना ने बताया कि खेल योजनान्तर्गत डा भीमराव अम्बेडकर अन्तर्राष्ट्रीय कीड़ा सकुल डाभासेमर अयोध्या में एथलेटिक्स खेल का सेण्टर संचालित कराये जाने की अनुमति प्रदान की गयी है।
एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर के अन्तर्गत चयनित बालक/बालिकाओं को सुश्री विभा अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षिका एथलेटिक्स (खेलो इण्डिया) द्वारा एथलेटिक्स खेल का प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा था।
सुश्री विभा का चयन एनआईएस डिप्लोमा कोर्स, पटियाला हेतु हो जाने के कारण उनके द्वारा एथलेटिक्स खेल का प्रशिक्षण शिविर संचालित किये जाने में अस्मर्थता व्यक्त की गयी है।
तद्नुसार एथलेटिक्स बालक/बालिकाओं को प्रातः एवं सायंकाल प्रशिक्षण हेतु एक अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षक तैनात किये जाने की नितांत आवश्यकता है, जिसके लिए पूर्ण बायोडाटा सहित आवेदन पत्र दिनांक 23 जुलाई 2025 को सायंकाल 5ः00 बजे तक पंजीकृत डाक अथवा सीधे कार्यालय में दो प्रतियों में आमंत्रित किया जाता है।
जिसके लिए अर्हताएं निम्न प्रकार है-
किसी भी मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया हो। किसी भी मान्यता प्राप्त सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो अथवा खेलो इंडिया गेम्स में पदक प्राप्त किया हो।
किसी भी अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो। किसी भी मान्यता प्राप्त सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व किया हो अथवा खेलो इंडिया गेम्स में प्रतिभाग किया हो।
मानदेय प्रशिक्षकों का चयन खेलो इण्डिया द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से शैक्षिक, खेल अहंता एवं साक्षात्कार/मेरिट के आधार पर किया जायेगा।
साक्षात्कार में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। चयनित मानदेय प्रशिक्षक को उपस्थिति के आधार पर रू0-25000-(रुपये पच्चीस हजार मात्र) प्रतिमाह की दर से मानदेय का भुगतान किया जायेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र समस्त प्रमाण-पत्रों सहित दिनांक 23 जुलाई 2025 को सायंकाल 5ः00 बजे तक पंजीकृत डाक अथवा सीधे कार्यालय में दो प्रतियों में उपलब्ध करा सकते हैं। उक्त तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्र पर विचार किया जाना संभव नहीं होगा।








