अयोध्या, लखनऊ में कुछ दोस्तों ने अपने दोस्त की गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र में रेल ट्रैक के पास फेंक दिया था।
मृतक की पहचान लखनऊ के ताड़ीखाना मड़ियांव के पास पलटन छावनी कटरा निवासी साहिल के रूप में हुई थी। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हत्या में पांच लोग शामिल थे।
पुलिस के अनुसार शराब पीने के बाद पैसे के लेनदेन के विवाद में पांचों दोस्तों ने साहिल की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव अयोध्या में थाना रौनाही के जगनपुर में रेलवे लाइन के पास फेंक दिया था।
इस ब्लाइंड मर्डर को रौनाही पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी के माध्यम से खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
गिरफ्तार हुए आरोपियों में अश्वनी सिंह उर्फ मिर्ची, नसीम उर्फ छोटू और आकिब कुरैशी शामिल है। हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।


