लखनऊ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में चार लेन के दो प्रमुख फ्लाईओवर का उद्घाटन किया।
270 करोड़ रुपये की लागत से बना इंदिरा नगर सेक्टर 25 से खुर्रम नगर-कल्याणपुर फ्लाईओवर (तीन किमी) और 170 करोड़ रुपये की लागत से बना पॉलिटेक्निक से मुंशी पुलिया चौराहा फ्लाईओवर (दो किमी) शामिल है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कुल 588 करोड़ रुपये की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि डबल इंजन की सरकार लखनऊ को न केवल एयरो सिटी बल्कि कृत्रिम मेधा (एआई) शहर के रूप में भी विकसित कर रही है।
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हो रहा है और राज्य के हर नागरिक को बेहतर बुनियादी ढांचा और सार्वजनिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ को 1000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनायें मिली है, जिसमें 440 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं और करीब 600 करोड़ रुपये की विभिन्न राज्य परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को मेट्रो शहरों की तरह विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन एवं सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लखनऊ के समग्र विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश राजधानी क्षेत्र की तर्ज पर लखनऊ को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है।
Speaking at the inauguration of infra projects in Lucknow. https://t.co/bI71UOJ7TN
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) February 14, 2025


