अयोध्या, नगर कोतवाली क्षेत्र के शक्तिनगर कॉलोनी के पास बृहस्पतिवार की सुबह अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवार वृद्ध की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
शहर के अंजनीपुरम कॉलोनी निवासी युगलेश प्रताप सिंह (61) बाट माप निरीक्षक पद से सेवानिवृत थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह स्कूटी से शक्ति नगर कॉलोनी में दूध लाने निकले थे। सुबह करीब सात बजे घर आते समय देवकाली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सुबह 7:40 बजे उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाल अश्वनी पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।


