लखनऊ, यूपी पुलिस में एक डीएसपी को दोबारा सिपाही बना दिया गया। दरअसल डीएसपी को उसकी नियुक्ति के मूल पद सिपाही पर रिवर्ट कर दिया गया। उन्नाव में सीओ बीघापुर रहे कृपा शंकर कनौजिया को 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर में F दल में आरक्षी पद पर पदस्थ किया गया है।
दरअसल, CO कृपाशंकर कनौजिया एक महिला सिपाही के साथ होटल में पकड़े गए थे। वह जुलाई 2021 को छुट्टी लेकर गायब हुए थे। तत्कालीन उन्नाव के सीओ कृपाशंकर कनौजिया ने 6 जुलाई 2021 को एसपी उन्नाव से पारिवारिक कारणों से छुट्टी मांगी थी। लेकिन छुट्टी मंजूर होने के बाद वो घर जाने के बजाय कहीं और चले गए।
मिली जानकारी के अनुसार कनौजिया ने कानपुर के एक होटल में चेक इन किया था। उनके साथ एक महिला सिपाही भी थी। इस दौरान सीओ ने अपने प्राइवेट और सरकारी दोनों मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे। इधर सीओ का नंबर बंद पाए जाने पर परेशान पत्नी ने जब पूछताछ की तो पता चला कि वह छुट्टी लेकर घर के लिए निकले हैं।
इस पर पत्नी ने एसपी उन्नाव को फोन करके मदद मांगी। किसी अनहोनी की आशंका में एसपी उन्नाव ने सर्विलांस टीम को लगाया तो पता चला कि सीओ कृपा शंकर कनौजिया का मोबाइल नेटवर्क कानपुर के एक होटल में आकर बंद हो गया था।
उन्नाव पुलिस कानपुर के उस होटल पहुंची, जहां सीओ की लोकेशन पता चली थी। पुलिसकर्मियों को कानपुर के होटल में सीओ और महिला सिपाही साथ मिले। सबूत के तौर पर उन्नाव पुलिस सीओ से जुड़े वीडियो अपने साथ ले आई थी। होटल में एंट्री करते समय सीओ और उनकी महिला मित्र सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे।
इस कांड के बाद विभाग की छवि धूमिल करने के चलते रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। शासन ने पूरे मामले पर समीक्षा के बाद कृपा शंकर कनौजिया को रिवर्ट कर सिपाही बनाने की संस्तुती की थी। जिसके बाद उन्हे फिर से सिपाही बना दिया गया।


