फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र में खनन माफिया ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलकर एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात अवैध रेत खनन की सूचना पर दारोगा संतोष कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार (24) और चमन के साथ मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के अनुसार वे लोग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसके चालक से पूछताछ कर रहे थे, उसी दौरान चालक ने अपना वाहन आगे बढ़ा दिया जिसकी चपेट में आने से रोहित गम्भीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायल रोहित को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रविवार सुबह उनकी मौत हो गयी।
पुलिस ने मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।


