नयी दिल्ली, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने कथित तौर पर ‘फर्जी’ आधार कार्ड का उपयोग करके उच्च सुरक्षा वाले संसद परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे तीन मजदूरों को पकड़ है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने कासिम, मोनिस और शोएब नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर जालसाजी और धोखाधड़ी से संबंधित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार को इन तीनों व्यक्तियों को संसद भवन के एक प्रवेश द्वार पर सुरक्षा और पहचान पत्र की जांच के दौरान सीआईएसएफ के कर्मियों ने हिरासत में लिया ।
तीनों अपने आधार कार्ड दिखाकर संसद भवन परिसर में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। सीआईएसएफ के कर्मियों को उनके कार्ड पर शक हुआ और आगे की जांच में वे फर्जी पाए गए।
सीआईएसएफ को सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियों की जगह हाल में संसद भवन की सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों व्यक्तियों को ‘डीवी प्रोजेक्ट्स लिमिटिड’ ने संसद भवन परिसर के अंदर एमपी लॉन्ज के निर्माण के लिए काम पर रखा था।


