बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के थमहनपुरा गांव के सामने टोंस नदी में मंगलवार की दोपहर दो युवकों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार फेफना थाना क्षेत्र के थमहनपुरा गांव के सामने टोंस नदी में मंगलवार की दोपहर दानिश एवं उसका दोस्त गोलू उर्फ वारिस की स्नान करते हुए गहरे पानी में चले जाने से मौत हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक 22 और 23 वर्ष के हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज का दानिश एवं बहेरी का गोलू उर्फ वारिस अली मंगलवार की दोपहर फेफना थाना क्षेत्र के थमहनपुरा गांव के सामने टोंस नदी पहुंचे ।
एक दोस्त टोंस नदी के पानी में उतरकर मोबाइल से सेल्फी लेने लगा। सेल्फी लेने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, उसे बचाने के लिए उसका दूसरा दोस्त भी पानी में कूद गया और इस दौरान दोनों युवक डूब गए।








