मॉस्को, (एपी) रूस के कॉन्सर्ट हॉल पर हमला करने के मामले में पकड़े गए चार लोगों को रविवार को मॉस्को की एक अदालत में पेश किया गया और उन पर आतंकवाद का आरोप लगाया। सुनवाई के दौरान आरोपियों ने अदालत को चोट के निशान भी दिखाए। एक व्यक्ति तो बमुश्किल से होश में था।
मॉस्को में हुए इस हमले में 130 से अधिक लोग मारे गए थे।
अदालत ने कहा कि दो संदिग्धों ने अपराध कबूल कर लिया है। हालांकि, पहले रूसी मीडिया संस्थानों ने खबर में बताया था कि तीन या सभी चारों संदिग्धों ने अपराध काबूल कर लिया है।
मामले के जांचकर्ताओं ने आतंकी हमले के लिए डेलरडजॉन मिर्जोयेव (32), सईदाक्रामी रचाबलीजोडा (30), मुखमदसोबिर फैजोव (19) और शम्सीदीन फरीदुनी (25) पर आरोप लगाया। इस अपराध में अधिकतम आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है।
मीडिया की खबरों में इन सभी आरोपियों की पहचान ताजिकिस्तान के नागरिक के रूप में की गई है। मॉस्को के बासमनी की जिला अदालत ने आदेश दिया कि आरोपियों को 22 मई तक हिरासत में रखा जाए।
रूसी मीडिया में यह खबरें आईं कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों को प्रताड़ित किया। सुनवाई के दौरान अदालत में पेश हुए मिर्जोयेव, रचाबलीजोडा और फरीदुनी के चेहरे पर चोट के निशान भी दिखे। सईदाक्रमी रचाबलीजोडा के कान पर पट्टी बंधी हुई थी।
चौथे आरोपी फैजोव को व्हीलचेयर पर अस्पताल से सीधे अदालत लाया गया और अदालत की कार्यवाही के दौरान वह अपनी आंखें बंद करके बैठा रहा। सुनवायी के दौरान स्वास्थ्यकर्मी उसकी चिकित्सीय देखभाल में लगे रहे।
अदालत के अधिकारियों ने दावा किया कि मिर्जोयेव और राचाबलीजोडा ने उन पर लगाए गए आरोपों को कबूल कर लिया है।


