अयोध्या, शहर के जाने माने होटल पंचशील के चेहरे पर बदनामी की कालिख लग गई है। होटल में ठहरे गाजियाबाद से आए विशिष्टजन के दो लाख रुपये होटल के स्टाफ ने पार कर दिए। ये सभी लोग यहां रामलला का दर्शन करने आए थे। भुक्तभोगियों को उस समय और निराशा हाथ लगी, जब उन्होंने मदद के लिए होटल के मालिक से शिकायत की। होटल मालिक ने सहयोग करने के बजाय मामले से पल्ला झाड़ लिया।
इस मामले में गाजियाबाद के अर्जुननगर निवासी मनोज कुमार गर्ग ने पंचशील होटल के अज्ञात स्टाफ पर कोतवाली अयोध्या में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मनोज कुमार गर्ग के अनुसार पांच मार्च को उनकी अगुवाई में 17 लोगों का दल अयोध्या रामलला का दर्शन करने के लिए आया था। सभी पंचशील होटल में ठहरे हुए थे। छह मार्च की सुबह सभी मंदिर दर्शन के लिए चले गए। आरोप है जब कमरों में कोई नहीं था, तब होटल के स्टाफ ने कमरे खोल कर उनका सामान कमरे के बाहर रख दिया। वापस लौटने पर सभी यह देख दंग रह गए।
इसकी जानकारी जब उन्होंने होटल मालिक धनंजय वर्मा को दी तो उन्होंने मदद करने के बजाय कहा कि उन्हें इसका कोई फर्क नहीं पड़ता है, जो करना चाहें करें। आगंतुकों ने लगेज की पड़ताल की तो उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे।
कोतवाल अयोध्या मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि टीम ने होटल में आठ कमरे बुक कराए थे। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रथमदृष्टया होटल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।


