ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर 220 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त किए जाने के बाद हिरासत में लिये गए वियतनामी मालवाहक पोत के चालक दल का एक सदस्य रविवार को समुद्र में गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क विभाग की निगरानी में जहाज ने बंदरगाह से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर लंगर डाला है और 21 वियतनामी चालक दल सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे चालक दल का एक सदस्य जहाज से समुद्र में गिर गया। अबतक तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह गलती से समुद्र में गिरा है या आत्महत्या करने अथवा भागने की कोशिश की है।
पारादीप के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संतोष कुमार जेना ने कहा, ‘‘घटना की सूचना मिलने के बाद हम तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। उसे पहले बंदरगाह अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।’’
एसडीपीओ ने बताया कि घायल व्यक्ति के चेहरे और हाथ पर काफी चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है।’’
यह ओडिशा में जब्त मादक पदार्थ की सबसे बड़ी खेप में से एक है। एक दिसंबर को जहाज से 22 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई थी। यह जहाज ‘एमवी देबी’ इंडोनेशिया से पारादीप पहुंचा था और उसे डेनमार्क जाना था।


