लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष को पत्र लिखकर 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए सभी विधायकों को अयोध्या ले जाने को कहा है। विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अभी तक विधायक को कोई जवाब नहीं मिला है।
गौरीगंज, अमेठी से सपा विधायक सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”मैंने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है और उनसे 22 जनवरी के अभिषेक समारोह के लिए सभी विधायकों को अपने साथ अयोध्या ले जाने का अनुरोध किया है।”
उन्होंने कहा, ‘चूंकि अध्यक्ष हमारे संरक्षक हैं, इसलिए मैंने उनसे अनुरोध करते हुए उनके कार्यालय को एक पत्र भेजा है।’
उन्होंने कहा, ”हम सभी भगवान राम के अनुयायी हैं और विधानसभा अध्यक्ष को विधायकों को अपने साथ अयोध्या ले जाना चाहिए।”
सिंह ने यह पत्र ऐसे समय में लिखा है जब उनकी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 22 जनवरी के अभिषेक समारोह के लिए अयोध्या जाने पर सीधा जवाब नहीं दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष या उनके कार्यालय से प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि वह बाहर हैं, इसलिए अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है ।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य और उनके विवादास्पद बयानों के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) धार्मिक मुद्दों पर बात न करके पिछड़ों, दलितों और शोषितों के हितों पर ध्यान केंद्रित करने वाले व्यक्ति हैं।


