एसडीएम ज्योति मौर्य के मामले में रोजाना नया अपडेट आ रहा है। पति को छोड़कर ज्योति मौर्य ने जिस आशिक का दामन थामा था उसकी अब मुसीबतें लगातार बढ़ती हुई नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि मनीष दुबे के खिलाफ चल रही जांच पूरी हो गई है और जांच समिति ने रिपोर्ट सौंप दी है।
अब इस मामले में अब तक का सबसे बड़ा अपडेट आया है। बताया जा रहा है कि कमांडेंट मनीष दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच करने का का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश होम गार्ड के डीजी विजय कुमार ने एसडीएम ज्योति मौर्य मामले पर कहा कि “डीआईजी होम गार्ड प्रयागराज ने जांच के बाद साक्ष्य एकत्र किए और उसके आधार पर, हमने मनीष दुबे को निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया है… ”
इससे पहले मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जहां तक मेरी जानकारी है, ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य का विवाद कोर्ट में है। दोनों कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संबंध में कानून के स्तर पर फैसला होना है। हमारे विभाग का जहां तक मामला है। इस मामले में जांच पूरी हो चुकी है। हम रिपोर्ट देखने के बाद ही इस संबंध में कोई निर्णय लेंगे। जांच के तथ्यों के आधार पर ही नियमावली के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए कुछ इंतजार करना होगा।
मनीष दुबे और ज्योति मौर्य की कॉल रिकॉर्डिंग लीक होने के बाद विवाद गहराया था। इसमें ज्योति मौर्य के पति आलोक मौर्य को रास्ते से हटाने की बात हो रही थी। होमगार्ड डीजी बीके मौर्य ने अपनी जांच रिपोर्ट में इसे अपराधिक कृत्य करार दिया है। इसकी जांच पुलिस से कराने की सिफारिश की है।
माना जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में मनीष दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस की जांच शुरू कराई जा सकती है। कॉल रिकॉर्डिंग की फारेंसिक जांच भी कराए जाने की बात कही जा रही है।
होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे पर बरेली में तैनाती के दौरान महिला पीसीएस अधिकारी से करीबी रिश्तों का गंभीर आरोप लगा था। महिला अधिकारी के पति ने आरोप लगाया था कि कमांडेंट और उसकी पत्नी मिलकर उसकी हत्या करना चाहते हैं। पति की ओर से इस संबंध में कई सबूत भी रखे गए।
होमगार्ड मुख्यालय की ओर से इसकी जांच डीआईजी संतोष कुमार सिंह से कराई गई। डीआईजी ने अपनी जांच रिपोर्ट में कमांडेंट को दोषी करार देते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की है।
होमगार्ड कमांडेंट के खिलाफ कई मामले सामने आए हैं। जांच के दौरान महिला होमगार्ड ने भी कमांडेंट पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। कमांडेंट पर अमरोहा में तैनाती के दौरान महिला होमगार्ड पर गलत नीयत से दबाव बनाने का आरोप लगा है। बात नहीं मानने पर कमांडेंट ने उसे दो माह तक ड्यूटी नहीं करने दी।
महिला होमगार्ड ने सीनियर अधिकारियों से शिकायत कर अपना ट्रांसफर करा लिया था। जांच रिपोर्ट में कमांडेंट की पत्नी के आरोपों को भी शामिल किया गया है। कमांडेंट मनीष दुबे की पत्नी ने लिखित बयान में पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनकी शादी 2021 में हुई थी। पत्नी ने भी मनीष दुबे के चरित्र पर सवाल खड़े किए हैं।