गोरखपुर, जिले के गुलरिहा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद 23 वर्षीय एक युवक ने अपने कमरे में कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात जंगल एकला गांव के बेनीगंज टोला की है और इस दौरान कमरे में रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया।
पुलिस के मुताबिक, जमुना निषाद के बेटे अरविंद निषाद पिछले कई दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान था। बुधवार शाम वह एक मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुआ था और कथित तौर पर नशे की हालत में घर लौटा था।
पुलिस ने बताया कि अरविंद अपने कमरे में गया और भीतर से कुंडी लगा ली और फिर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर खुद को आग लगा ली। पड़ोसियों ने कमरे से धुआं निकलते देखा और पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।
उसने बताया कि सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक अरविंद की मृत्यु हो चुकी थी और उसका शव बुरी तरह से जल गया था।
गुलरिहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अरविंद की मौत की खबर पाकर उसकी पत्नी भी मायके से ससुराल पहुंच गई।
क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने यह कदम उठाया। फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य संग्रह कर रही हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।